चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन में घमासान शुरू,बिहार के बाद अब उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) इंडिया के पल्ला झाड़ने की तैयारी

दिनेश शर्मा UPHEAD : चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन में घमासान शुरू हो गया है। बिहार के बाद अब उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) इंडिया के पल्ला झाड़ने की तैयारी कर रहा है। चर्चा है कि आरएलडी के सुप्रीमो जयंत चौधरी बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए से गलबहियां करने वाले हैं। आरएलडी प्रवक्ता पवन आगरी ने भी छोटे चौधरी की मंशा पर मुहर लगा दी है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि बीजेपी ने आरएलडी को लोकसभा की चार सीट देने की पेशकश की है। इंडिया गठबंधन की पार्टनर समाजवादी पार्टी आरएलडी को सात सीटें देने का ऑफर कर चुकी है। मगर अखिलेश यादव ने एक ऐसी शर्त रख दी है जो जयंत चौधरी को हजम नहीं हो रही है। अखिलेश के ऑफर से आरएलडी के पहचान पर संकट आ सकता है।

विधानसभा चुनाव में हुई थी सपा और रालोद की दोस्ती
राष्ट्रीय लोकदल और समाजवादी पार्टी की दोस्ती काफी पुरानी है। जनता दल के जमाने में भी आरएलडी नेता अजित चौधरी सपा नेताओं के साथ थे। जनता दल टूटा तो वह कई मौकों पर समाजवादी पार्टी के करीब रहे। 2014 के मोदी लहर में आरएलडी हाशिये पर चली गई। खुद अजित सिंह बागपत से चुनाव हार गए। उनके बेटे जयंत चौधरी भी मथुरा से हेमामालिनी के खिलाफ उतरे, मगर जीत नहीं सके। 2019 में भी आरएलडी को एक सीट भी नसीब नहीं हुई। 2022 के विधानसभा चुनाव में जयंत और अखिलेश एक मंच पर आए। आरएलडी को इसका फायदा भी हुआ और विधानसभा में 9 सीटें जीतकर पार्टी ने अपना अस्तित्व बनाए रखा। गठबंधन पार्टनर होने के कारण समाजवादी पार्टी ने जयंत चौधरी को अपने कोटे से राज्यसभा भी भेज दिया। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले दोनों दलों के बीच तालमेल बेहतर था। जयंत चौधरी और अखिलेश यादव इंडिया गठबंधन का हिस्सा बन गए, मगर पेच सीट बंटवारे पर फंस गया।

Related Articles

Back to top button